एचआरपी डे पर गर्भवतियों को नहीं मिलेगा रक्त
शामली। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत आज मनाए जाने वाले हाई रिस्क प्रेग्नेंसी डे (एचआरपी डे) पर गर्भवती महिलाओं को यदि खून की जरूरत पड़ती है तो अस्पताल में खून नहीं मिल पाएगा। रक्त संग्रह केंद्र का लाइसेंस निरस्त होने से जिले में रक्त की व्यवस्था नहीं है।
नवीनीकरण न होने के कारण सीएचसी में स्थित रक्त संग्रह केंद्र को बंद कर दिया गया है। हर महीने की नौ तारीख को सभी सीएचसी पर एचआरपी डे पर गर्भवती महिलाओं की जांच की जाती है। खासतौर से जांच में जिस गर्भवती महिला में रक्त की कमी होती है, उसे निशुल्क रक्त चढ़ाया जाता है। पिछले महीने जनवरी में एचआरपी डे पर दो महिलाओं को और उससे पहले दिसंबर महीने में चार महिलाओं को रक्त चढ़ाया गया था। इस महीने मंगलवार (आज) एचआरपी डे पर गर्भवती महिलाओं की जांच की जाएगी। इस दौरान अगर किसी महिला को रक्त की जरूरत होती है तो उसे रेफर करने की व्यवस्था की गई है। नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि रक्त संग्रह केंद्र बंद होने के कारण रक्त की जरूरत वाली गर्भवती महिलाओं को मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल रेफर किया जाएगा।
कोट
रक्त संग्रह केंद्र के नए लाइसेंस के लिए आवेदन किया जा रहा है। जल्द ही केंद्र चालू कराया जाएगा। एचआरपी डे पर जांच में किसी महिला को रक्त की जरूरत पड़ती है तो उसे रेफर किया जाएगा।
-डॉ. संजय अग्रवाल, सीएमओ।
-