थानाभवन (शामली)। क्षेत्र के एक गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने का पत्र मिला है। पत्र मिलने के बाद प्रधानाध्यापक सीधे अपने घर चले गए। अभी तक पीड़ित प्रधानाध्यापक की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
जिला मुजफ्फरनगर के चरथावल थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी शिक्षक जलालाबाद क्षेत्र के एक गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक हैं। बृहस्पतिवार सुबह जब वह स्कूल में पहुंचे तो उन्हें अपने कार्यालय में पीले लिफाफे में पत्र पड़ा हुआ मिला। जब उन्होंने पत्र को पढ़ा तो उसके होश उड़ गए। पत्र किसी इकबाल अंसारी नाम से भेजा गया है। उस व्यक्ति ने प्रधानाध्यापक को लिखा था कि उन्हें पता है कि तुम दो लड़कों के पिता हो, तुम्हारी शादी महाराष्ट्र में हुई है और तुम्हारा एक मकान लुधियाना पंजाब में है। पत्र लिखने वाले ने धमकी दी कि वह फिलहाल जेल में बंद है और दो दिन बाद उसकी जमानत होने वाली है। तब तक वह दो लाख रुपये का इंतजाम कर ले, जिसके बाद उसे वह दो लाख रुपये एक बच्चे के थैले में डालने है और बच्चे को उसके बताई जगह पर भेजना है। यदि उसने ऐसा नहीं किया या फिर पुलिस से किसी भी प्रकार की मदद ली तो वह उसके दोनों बच्चों का अपहरण कर लेगा। सूचना मिलने के बाद गांव के प्रधान भी मौके पर पहुंचे।
इसके बाद प्रधानाध्यापक बिना कोई पुलिस कार्रवाई किए अपने घर चले गए। प्रधानाध्यापक का कहना है कि वह लोक लाज के चलते इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं चाहते है। वही, थाना प्रभारी संदीप बालियान का कहना है कि पीड़ित पक्ष की ओर से इस संबंध में अभी तक पुलिस से कोई मदद नहीं मांगी गई है और न ही कोई तहरीर दी गई है। यदि उनके पास तहरीर आती है तो वह इस संबंध में कार्रवाई करेंगे।