शामली। लघु उद्योग भारती के मंडल अध्यक्ष अंकित गोयल ने गाजियाबाद में क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप (आईएफएस) से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने शामली में शीघ्र पासपोर्ट कार्यालय खुलवाने की दिशा में हुई प्रगति पर आभार जताया।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप ने बताया कि विदेश मंत्रालय से शामली में पासपोर्ट कार्यालय खोलने की अनुमति मिल चुकी है और अब आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्यालय के लिए बिजली कनेक्शन, विद्युत फिटिंग, वाई-फाई और फर्नीचर की व्यवस्था हेतु टेंडर जारी कर दिया गया है। सभी कार्य पूरे होने के बाद जल्द ही कार्यालय का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यालय में तीन अधिकारियों व कर्मचारियों का स्थायी स्टाफ तैनात किया जाएगा।
बताया कि पासपोर्ट कार्यालय खुलने के बाद जनपद के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए गाजियाबाद नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी और लोगों को यह सुविधा अपने ही जिले में मिल सकेगी।