फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: सीएचसी पर दो घंटे दर्द से तड़पती रही गर्भवती, नहीं आए चिकित्सक

Wed, 11 Nov 2026 12:35 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
थानाभवन सीएचसी पर हंगामा करते महिला के परिजन। स्रोत वीडियोग्रेब
विज्ञापन
थानाभवन। सीएचसी पर सोमवार शाम दो घंटे तक महिला प्रसव पीड़ा से तड़पती रही। अस्पताल में न तो महिला चिकित्सक आई और न ही स्टाफ नर्स। महिला ने आशा और परिजनों की सहायता से ही बच्चे को जन्म दिया। बाद में महिला चिकित्सक अस्पताल में पहुंची। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
विज्ञापन

गांव नागल निवासी दीपक ने बताया कि सोमवार शाम करीब छह बजे उसकी पत्नी वर्षा को प्रसव पीड़ा होने पर वह सीएचसी लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में उस समय न तो महिला चिकित्सक मौजूद थीं और न ही स्टाफ नर्स। इमरजेंसी सेवा में वहां कोई नहीं मिला। वर्षा करीब दो घंटे तक प्रसव पीड़ा से तड़पती रही। पीड़ा अधिक होने पर आशा और परिवार की महिलाओं की मदद से अस्पताल में वर्षा ने बच्चे को जन्म दिया।
दीपक के अनुसार बच्चे के जन्म के बाद महिला चिकित्सक अस्पताल पहुंचीं। आरोप है कि महिला चिकित्सक ने आने के बाद यहां तक कह दिया कि बच्चे तो दाई भी जनवा देती है। दीपक का आरोप है कि चिकित्सक ने उनकी समस्या सुनने के बजाय उल्टा उन्हें ही धमकाना शुरू कर दिया। चिकित्सक के इस व्यवहार और स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही पर परिजनों ने हंगामा किया।
विज्ञापन

महिला चिकित्सक सलमा का कहना है कि वे एनएचएम से संविदा चिकित्सक हैं। उनकी ड्यूटी ओपीडी में सुबह 10 से शाम चार बजे तक होती है। शाम को प्रसव के दौरान न तो उनकी ड्यूटी थी और न ही प्रसव कराने की जिम्मेदारी है। दिन में परिजन जब महिला को लेकर आए थे तो उस समय प्रसव संबंधी लक्षण नहीं थे। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप निराधार है।

महिला को दिन में चिकित्सक ने दवा देकर घर भेजा था
दीपक ने बताया कि पत्नी वर्षा को सोमवार को दिन में भी सीएचसी लेकर पहुंचे थे। उस समय मौजूद महिला चिकित्सक ने प्रसव में समय होने की बात कहते हुए उन्हें घर भेज दिया था। इसके बाद शाम को प्रसव पीड़ा बढ़ने पर दोबारा वर्षा को अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
मामला उनकी जानकारी में नहीं आया है और न ही उन्हें परिजनों की तरफ इस तरह की शिकायत मिली है। अगर शिकायत मिलती है तो जांच कराई जाएगी। - डॉ. तृतीय कुमार सक्सेना, सीएमओ
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें