कैराना। स्मार्ट मीटर व्यवस्था में रिचार्ज और बकाया जमा करने के बाद भी कई उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति चालू नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों में रोष बना हुआ है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर में बैलेंस खत्म होते ही तुरंत सप्लाई काट दी जाती है, लेकिन भुगतान करने के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं की जा रही है। इसके चलते लोगों को बार-बार बिजलीघर के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
मोहल्ला अफगानान निवासी अहसान ने बताया कि उन पर 1658 रुपये बकाया होने के कारण एक सप्ताह पहले सप्लाई बंद कर दी गई थी। उन्होंने बकाया जमा कर दिया, लेकिन कई दिन तक चक्कर काटने के बाद भी बिजली चालू नहीं हुई। ब्लॉक कॉलोनी निवासी राजपाल ने बताया कि उनके ऊपर 8 हजार रुपये बकाया है, जिसके चलते चार दिन से सप्लाई बंद है। आर्थिक तंगी के कारण वह भुगतान नहीं कर पा रहे हैं, जिससे परिवार को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कुलदीप ने बताया कि आठ दिन पहले उनकी बिजली काट दी गई थी। अगले ही दिन उन्होंने 5 हजार रुपये जमा कर दिए थे, लेकिन इसके बावजूद सप्लाई चालू नहीं हुई। उपभोक्ताओं ने विभाग से समस्या का समाधान कर जल्द से जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
अधीक्षण अभियंता वीरेंद्र सिंह का कहना है कि कई बार तकनीकी दिक्कत के कारण आपूर्ति शुरू नहीं हो पाती। रिचार्ज के बाद लखनऊ से खुद ही आपूर्ति को शुरू कर दिया जाता है।