कैराना। पुलिस टीम ने बुधवार को ग्राम पावटी खुर्द में वन विभाग की 45 बीघा जमीन को कब्जा मुक्त कराया। वन विभाग की जमीन पर भूमाफियाओं द्वारा बोई हुई गेहूं की फसल को जेसीबी मशीन से खुर्द बुर्द कर दिया।
वन विभाग की जमीन पर भूमाफिया कब्जा करके भवन निर्माण के अलावा फसल भी बोते आ रहे हैं। जबकि प्रशासन समय-समय पर भूमाफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई करने के साथ जमीन को कब्जा मुक्त कराते है।
बुधवार को भी तहसीलदार अभय राज पांडे के साथ वन रेंजर व हल्का लेखपालों की टीम पुलिस बल के साथ ग्राम पावटी खुर्द के जंगल में पहुंची। यहां पर भूमाफियाओं ने वन विभाग की 45 बीघा जमीन पर कब्जा करके गेहूं की फसल बो रखी थी। टीम ने मौके पर जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर द्वारा फसल को खुर्द बुर्द करा कर जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया। इस दौरान किसी ने भी कार्रवाई का विरोध नहीं किया।