तालाब ओवरफ्लो, गांव की गलियों में जलभराव
बाबरी। क्षेत्र के गांव गोगवान जलालपुर में पानी की निकासी न होने से रास्तों पर गंदा पानी भरा हुआ है। जिससे ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को शिकायत पर बीडीओ थानाभवन पहुंचे तो ग्रामीणों ने उनके सामने हंगामा किया। बीडीओ ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
बाबरी क्षेत्र के गांव गोगवान जलालपुर की गलियों में कई दिनों से नालियों का पानी भरा हुआ है। लोगों को इसी गंदे पानी से होकर अपने घरों तक पहुंचना पड़ता है। गंदा पानी लोगों के घरों में घुसना शुरू हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि छह माह से वह पेरशान हैं। गंदे पानी में मच्छर पनपने से बीमारी फैल रही है। उन्होंने ग्राम प्रधान सहित इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की लेकिन गांव का एक तालाब सिल्ट से भर गया है। जिस कारण गांव की गलियों से निकलने वाले पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। मंगलवार को बीडीओ थानाभवन गांव में पहुंचे और ग्रामीणों की समस्या सुनी। ग्रामीणों के हंगामा करने पर बीडीओ ने आश्वासन दिया कि समस्या का जल्द निस्तारण कराया जाएगा।
पूर्व गन्ना मंत्री से शिकायत के बाद पहुंची टीम
गांव गोगवान जलालपुर के तालाब की खोदाई करवाने को लेकर कुछ ग्रामीणों ने यह शिकायत पूर्व गन्ना मंत्री सुरेश राणा से भी की थी। पूर्व गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। जिसमें उन्होंने सीडीओ शामली शंभू नाथ तिवारी को जल्द समाधान करने के आदेश भी दिए थे। पूर्व गन्ना मंत्री के द्वारा मामले में हस्तक्षेप करते ही थानाभवन बीडीओ अजय कुमार एवं सिंचाई विभाग के अवर अभियंता अमित कुमार राठी गांव में जांच करने पहुंचे और लोगों से समस्या के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ओवरफ्लो हुए तालाब का निरीक्षण किया और जल्द ही तालाब की खोदाई करवाने व समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। इस दौरान नकली शर्मा, राधाकृष्ण, महेंद्र, सचिन शर्मा, मोहित शर्मा, प्रमोद शर्मा, नाथीराम शर्मा, विनोद शर्मा, डॉ. बोस, रवि शर्मा, मोनू आदि मौजूद रहे।