फिर बढ़ा प्रदूषण, सुबह घूमने वाले परेशान
शामली: जनपद में प्रदूषण का असर एक बार फिर बढ़ गया है। हवा रुकने और धूल व धुएं के कारण प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। सुबह-शाम धुंध छाए रहने से सैर को निकलने वाले लोग परेशान रहते हैं। साथ ही बुजुर्गों की परेशानी भी बढ़ती जा रही है। श्वांस एवं हृदय रोगियों की भी समस्या बढ़ने लगी है। शुक्रवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 से थोड़ा ही कम रहा।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण का असर एक बार फिर से बढ़ने लगा है। प्रदूषण बढ़ने के पीछे हवा का रुकना माना जा रहा है। तेज हवा नहीं चलने तथा ओस पड़ने से धुआं और धूल के कारण ऊपर नहीं जा पा रहे, जिससे स्मॉग बन रहा है और यह वातावरण में छाया रहता है। सुबह बड़ी संख्या में युवक दौड़ के निकलते हैं तथा बुजुर्ग भी टह्रलने जाते हैं, लेकिन बढ़ रहे प्रदूषण के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संक्रामक रोग विशेषज्ञ डा. शाइस्ता नाज का कहना है कि ज्यादा प्रदूषण में बिना मास्क के घर से बाहर न निकलें। खासतौर से बुजुर्गों के लिए ठंड और प्रदूषण बेहद नुकसानदायक हो सकता है। हृदय एवं श्वांस के रोगियों को प्रदूषण के समय घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए।
प्रदूषण से बढ़ रही परेेशानी
आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत।
- हृदय एवं श्वांस रोगियों के लिए मुुसीबत।
सुबह घूमने वाले बुजुर्गों और युवाओं को हो रही दिक्कत।
स्मॉग छाने से रात में वाहन चालकों को होती है परेशानी।
-----------
बरतें सावधानी
बिना मास्क लगाए घर से न निकलें।
बुजुर्ग सुबह-शाम घर से बाहर निकलने से बचें।
ज्यादा सवेरे घूमने न निकलें, थोड़ी देरी से जाएं।
सांस संबंधी परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक को दिखाएं।
बाहर निकलना हो तो आंखों में चश्मा लगाकर कर निकलें।