शामली। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सियासी गरमाहट बढ़ने लगी है। आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। वहीं, कांग्रेस के पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक ने आरोप लगाया है कि सत्ता पक्ष के प्रत्याशी के लिए प्रशासन दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है तथा राजनीतिक लोगों के फोन टेप कराए जा रहे हैं।
शामली जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर बसपा, रालोद, भाजपा और कांग्रेस ने एकजुट होकर प्रसन्न चौधरी की पत्नी संतोष देवी को अध्यक्ष पद के चुनाव में उतारा है, जबकि समाजवादी पार्टी ने सपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह की पुत्रवधू शैफाली चौहान को प्रत्याशी बनाया है।
पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक ने बताया कि सत्ता पक्ष के प्रत्याशी के लिए अफसरशाही नए हथकंडे अपनाने लगी है। उन्हें जानकारी मिली है कि प्रशासन ने कई नेताओं के फोन कॉल टेप कराने का काम शुरू कर दिया है, जो सरासर गलत है। किसी की निजी जिंदगी में झांकने का प्रशासन को कोई अधिकार नहीं है। किसी की अनुमति बगैर अथवा कोई ठोस वजह के बिना फोन कॉल टेप कराना मानवाधिकारों का हनन है।
उन्होंने कहा है कि जिला प्रशासन ऐसा काम न करे। वहीं, उन्होंने बताया कि इस बारे में निर्वाचन आयोग, मानवाधिकार आयोग को भी शिकायत भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि फोन कॉल टेप कराने वाले अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।