शामली। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सर्वाधिक लव जेहादी भाजपा में हैं। प्रदेश में भाजपा और सपा ने मिलकर साजिशन दंगे कराए। अब फिर से सांप्रदायिक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है, मगर जनता इन पार्टियों की बंटवारे की नीति को समझ चुकी है और किसी के बहकावे में नहीं आएगी। वहीं, फिल्म अभिनेता आमिर खान के बयान पर वह चुप्पी साध गए।
शुक्रवार को वह शामली में एसटी तिराहे के पास रजवाड़ा फार्म्स में बसपा की मंडलीय समीक्षा लेने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद और संघ ने पहले तो घर वापसी का ढोल पीटा, फिर लव जेहाद को ले आए, जबकि सर्वाधिक लव जेहादी भाजपा में ही हैं। इसके बाद बीफ को लेकर बवंडर मचाया। यही नहीं गोहत्या के नाम पर दादरी में अखलाक को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।
अब संघ और भाजपा फिर से मंदिर मुद्दा उठा सकती हैं, जबकि पूर्व में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार होने के बावजूद मंदिर नहीं बना सके। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर और शामली का सांप्रदायिक दंगा भाजपा और सपा की मिलीभगत से हुआ। अब जनता समझ चुकी है कि इन पार्टियों के बहकावे में आकर आपस में लड़ना नहीं है। बिहार चुनाव के नतीजों ने भाजपा की पोल खोल दी है। यूपी में विकास, कानून व्यवस्था और दलितों-शोषितों को न्याय दिलाने तथा गुंडों के खिलाफ कार्रवाई के एजेंडे पर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा।
आमिर के बयान से नहीं इत्तेफाक
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आमिर खान और उनकी पत्नी के व्यक्तिगत बयान से वह इत्तेफाक नहीं रखते। हम इसी देश में पैदा हुए और यहीं रहेंगे। हमारे पूर्वजों ने देश के लिए बलिदान दिया है, लिहाजा देश छोड़ने का सवाल नहीं उठता। उन्होंने जीएसटी को झुनझुना करार देते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने जनता को बेवकूफ बनाने के लिए यह पैंतरा फेंका है, ताकि बढ़ती महंगाई और अन्य मुद्दों से जनता का ध्यान हट जाए।
हाजी अनवर हसन प्रत्याशी घोषित
इस दौरान कैराना विधानसभा क्षेत्र से पूर्व सांसद मरहूम मुनव्वर हसन के भाई हाजी अनवर हसन को प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। नसीमुद्दीन सिद्दीकी उनका नाम बोलते समय गलती कर गए और कुंवर हसन का नाम बोल दिया, लेकिन फिर भूल सुधार करते कहा कि कोई बात नहीं दोनों भाई हैं।