शामली। सेंट आरसी कान्वेंट स्कूल शामली में तीन दिन पहले चाकू लगने से गंभीर घायल हुए छात्र को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। पुलिस का कहना है कि छात्र का बयान कार्रवाई का ठोस आधार बनेगा। उधर, पुलिस आरोपी छात्र की तलाश में दबिश दे रही है।
शहर के सेंट आरसी कान्वेंट स्कूल में मंगलवार सुबह छात्रों के बीच हुए विवाद में गांव मालेंडी निवासी कक्षा 11 के छात्र अमित चाकू लगने से घायल हो गया था। घायल छात्र को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घायल छात्र के चाचा सोमदत्त शर्मा की तरफ से आदर्श मंडी थाने पर गांव कुड़ाना निवासी इंटर के छात्र के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आदर्श मंडी थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह ने बताया कि छात्र का बयान लेने के लिए बुधवार को थाने से दरोगा को मेरठ अस्पताल में भेजा गया था, लेकिन उस समय परिजनों ने छात्र की हालत बयान देने लायक न होना बताया था, जिस पर दरोगा लौट आए थे। बृहस्पतिवार को वे मेरठ अस्पताल में छात्र का बयान लेने पहुंचे। वहां पर परिजनों से फोन पर बात की तो उन्होंने बताया कि छात्र की अस्पताल से छुट्टी हो गई है। छात्र को लेकर वे घर आ गए है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस घटना में छात्र का बयान ही कार्रवाई का ठोस आधार बनेगा। इसके अलावा स्कूल के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी जांच में शामिल की जाएगी। पीड़ित छात्र के बयान को आधार बनाकर पुलिस की जांच कार्रवाई आगे बढ़ेगी। परिजनों ने छात्र की हालत में सुधार होना बताया है। छात्र की हालत में और सुधार होने पर एक-दो दिन में बयान लिया जाएगा।