कैराना। छह दिन पहले मकान से बकरी चोरी कर भाग रहे आरोपियों की कार से कुचलकर मकान मालिक की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया, है, जिससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पुलिस इस केस का खुलासा कर सकती है।
31 मई की रात करीब ढाई बजे मोहल्ला अफगानान में मजदूर राशिद के मकान से चोरों ने तीन बकरे चोरी कर लिए थे। इसी दौरान मकान मालिक की बेटी ने चोरों को देखकर शोर मचा दिया था। मकान मालिक राशिद ने चोरों की कार का पीछा किया। इस दौरान चोरों ने राशिद को कार से कुचल दिया था,जिसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने मृतक के बेटे की तरफ से हत्या व लूट की रिपोर्ट दर्ज की थी। एसएसपी सुकीर्ति माधव ने घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस, एसओजी व पुलिस की टीमों को लगाया हुआ है। सोमवार को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया। जिससे पूछताछ की जा रहीं हैं। पुलिस जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर सकती है। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी ने बताया कि इस मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रहीं हैं। कुछ अहम जानकारियां मिली हैं। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।