शामली। थानाभवन और बाबरी पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए 50 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर कांधला निवासी समयदीन उर्फ सामा के साथियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। इसके गिरोह में छह-सात बदमाश बताए गए हैं।
पुलिस मुठभेड़ में सोमवार देर रात थानाभवन थानाक्षेत्र में भैंसानी के जंगल में स्थित बंद पड़े भट्ठे पर इकट्ठा हुए बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई थी। मुठभेड़ के दौरान इनामी बदमाश समयदीन उर्फ सामा मारा गया था जबकि उसके पांच साथी मौके से भाग गए थे। पुलिस ने मौके से दो पिस्टल, तमंचा और कारतूस बरामद किए थे। उस पर लूट, चोरी व डकैती के 29 मामले दर्ज थे। पुलिस ने समयदीन को शामली व कनार्टक समेत सात मामलों में वांछित होना बताया था। शामली पुलिस की तरफ से उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि समयदीन के गिरोह में सात-आठ बदमाश शामिल है, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई है। समयदीन अपने गिरोह के साथ लूट, चोरी व डकैती की घटनाओं को अंजाम देता था। सोमवार रात को भी समयदीन के बारे में सूचना मिली थी कि वह अपने गिरोह के साथ आसपास क्षेत्र में डकैती डालने की योजना बना रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की थी। एसपी का कहना है कि जल्द ही समयदीन गिरोह में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।