कैराना। एसपी सुकीर्ति माधव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव नजदीक है, इसलिए पुलिस को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए पुलिस को पूरी तरह से तैयार रहना है। उन्होंने चुनाव में बाधा पहुंचाने या कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्ह्ति कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को नगरपालिका परिषद कैराना के सभागार में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिले के सभी सीओ, थाना प्रभारी निरीक्षकों की बैठक ली। बैठक में एसपी ने थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को चुनाव के लिए अभी से तैयार रहने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि चुनाव में किसी भी तरह की कोई गड़बड़ी न हो और चुनाव शांति एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो, इसके लिए अभी से तैयारी करनी है। एएसपी ओपी सिंह ने थाना प्रभारियों से कहा कि चुनाव एकदम नजदीक है। चुनाव आचार संहिता कभी भी लागू हो सकती है। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराना पुलिस की प्राथमिकता है। सभी पुलिस अधिकारियों को फोर्स के साथ सुनियोजित तरीके से तैयारी करनी है। उन्होंने थाना प्रभारियों से कहा कि वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी करें। हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी की जाए। साथ ही असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।