कांधला। ग्राम पंजोखरा में राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ ग्राम समाज की छह बीघा भूमि से अवैध कब्जा हटवा दिया। इस दौरान गांव की कुछ महिलाओं ने टीम की कार्रवाई का विरोध भी किया। हालांकि पुलिस बल के आगे उनकी एक नहीं चली।
थाना कांधला क्षेत्र के गाव पंजोखरा में पिछले काफी समय से ग्राम समाज की छह बीघा भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। गांव के लोगों ने भूमि को कब्जा मुक्त कराए जानेे के लिए अधिकारियों को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मामले में कार्रवाई करने के आदेश दिए। जिसके बाद बुधवार को राजस्व विभाग के कानूनगो नवीन कुमार, लेखपाल ईश्वर दयाल, विनोद कुमार ने कांधला थाना पुलिस को साथ लेकर गांव में पहुंचे। भूमि को कब्जा मुक्त कराने के लिए जेसीबी मंगवा ली।
राजस्व विभाग और पुलिस की कार्रवाई होती देख कब्जाधारियों मे खलबली मच गई। भूमि को कब्जा मुक्त कराए जाने के लिए जेबीसी चलानी शुरू की। इस पर महिलाओं ने विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस और राजस्व टीम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर मौजूद महिला पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए महिलाओं को शांत कर दिया।
इसके बाद कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू हुई । कुछ ही देर बाद ग्राम समाज की भूमि को कब्जा मुुक्त करा लिया गया। अवैध कब्जा करने वालों को राजस्व टीम ने चेतावनी दी कि अगर दोबारा से कब्जा करने की कोशिश की गई, तो रिपोर्ट दर्ज कराकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।