डबल मर्डर के मामले में बंद सिनेमा हाल में तलाशी लेती पुलिस।
- फोटो : SHAMLI
कैराना (शामली)। दो युवतियों के शव मिलने के मामले में पुलिस ने घटनास्थल के पास बंद पड़े सिनेमाघर और फैक्टरियों को खंगाला, लेकिन कोई ठोस सुबूत हाथ नहीं लगा। घटना को 12 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अभी दो युवतियों की शनाख्त भी नहीं कर पाई है।
20 मई की शाम जगनपुर के जंगल में दो युवतियों के शव मिले थे। शनाख्त ना होने पर तीन दिन बाद पुलिस ने अज्ञात में शवों को दफना दिया था। 12 दिन बीत जाने के बाद भी ना तो अभी युवतियों की कोई पहचान हुईं है और ना ही हत्यारों के बारे में कोई सुराग मिला। फोरेंसिक टीम की जांच में स्थल से खून से धब्बे आर्यपुरी बंजारा बस्ती तक फैले मिले थे। जिसके बाद पुलिस ने अभियान चलाते हुए बस्ती के बंद मकानों और नलकूपों को खंगाला था। पुलिस ने पानीपत से लेकर लोनी तक तलाशी की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। शनिवार को पुलिस की दो टीमों ने घटनास्थल के पांच किमी के दायरे में पड़ने वाली बंद फैक्टरियों के साथ ही लॉकडाउन के कारण बंद चल रहे कस्बे के सिनेमाहाल को खुलवा कर एक एक कमरे व हाल की तलाशी ली। कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि मृत युवतियों की पहचान और हत्यारों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
डबल मर्डर के शीघ्र खुलासे के निर्देश
कैराना। 20 मई की शाम जगनपुर के जंगल में दो युवतियों के शव मिले थे। मामले का खुलासा नहीं होने पर शनिवार शाम 6.30 बजे एसपी विनीत जायसवाल ने सादी वर्दी में अन्य पुलिसकर्मियों के साथ बाइक से जगनपुर के जंगल, बाईपास, आर्यपुरी देहात बस्ती आदि में भ्रमण किया। इस दौरान एसपी ने जगह जगह बाइक रोककर आने जाने वालों से घटना के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया। साथ ही आर्यपुरी ग्राम प्रधान सत्तार से भी जानकारी ली। बाद में एसपी कोतवाली पहुंचे और मामले के जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
डबल मर्डर के मामले में बंद सिनेमा हाल में तलाशी लेती पुलिस- फोटो : SHAMLI