पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज की, दो हिरासत में लिए
शामली। शहर के मोहल्ला पंसारियान में घर में हजारों की नगदी और गहने चोरी होने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने दो युवकों को शक के आधार पर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
मोहल्ला पंसारियान निवासी संगीता ने बुुधवार शाम कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि वह दोपहर में घर का ताला बंद कर बाजार गई थी। शाम को जब वह घर पहुंची तो उसे संदूक खुला मिला। संदूक से करीब 72 हजार रुपये, सोने की अंगूठी, चांदी की दो जोड़ी पायजेब गायब मिले। पीड़िता के मुताबिक उसने आसपास के लोगों से पता किया तो उसे बताया गया कि उनकी छत पर मोहल्ले के एक युवक को देखा गया था, जबकि उसे अन्य तीन साथी भी घर की तरफ आने जाने वालों पर नजर रखे हुए थे। पुलिस ने रात में तीन युवकों को शक के आधार पर हिरासत में ले लिया था। देर रात में एक युवक की अचानक तबियत खराब हो गई और उसे उल्टियां होने लगी, जिस पर पुलिस ने उस युवक को परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया था। दोपहर में पीड़िता ने अन्य महिलाओं के साथ कोतवाल से मिलकर घटना की बाबत जानकारी ली। कोतवाल सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इस मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।