सौ रुपये नहीं देने से नाराज पोकलेन मशीन चालक ने दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित के भाई ने आरोपी चालक के खिलाफ तहरीर दी
संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। खनन क्षेत्र में रेत भरवाने गए ट्रक चालक के भाई के ऊपर पोकलेन मशीन चढ़ा दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर कर दिया है। पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
बुढ़ाना थाना क्षेत्र के ग्राम जौला निवासी जाकिर ने कोतवाली में बताया कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे वह अपने ट्रक में मामोर स्थित खनन प्वाइंट पर रेत भरवाने गया था। उससे साथ छोटा भाई राकिब भी था। बताया कि राकिब ने खनन प्वाइंट पर मौजूद पोकलेन मशीन के चालक से ट्रक में रेत भरने के लिए कहा। इस पर पोकलेन मशीन के चालक ने उससे 100 रुपये की मांग की। उसके द्वारा इनकार करने पर आरोपी ने क्रोधित होकर उस पर पोकलेन मशीन चढ़ा दी। जिससे उसके भाई की दोनों टांगे व रीढ़ की हड्डी टूट गईं। इसके बाद पोकलेन चालक मौके से फरार हो गया। वह घायल को लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने घायल को कैराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सक ने गंभीर हालत के चलते उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। वहीं, कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान ने बताया कि युवक के ऊपर पोकलेन चढ़ाने का मामला संज्ञान में आया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।