कैराना (शामली)। लॉकडाउन के चलते प्रशासन के अलावा समाजसेवी लोग भी गरीब परिवारों को अनाज, चावल, दाल आदि देकर सहायता करने में लगे हैं। वहीं कुछ लोग घर में भरपूर राशन होने के बाद भी सहायता मांग रहे हैं। टीम ने जाकर जांच की तो मामले की खुलासा हुआ। जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई। जिसमें पालिका के कर्मचारी एक मकान के अंदर खाद्य सामग्री होने की जांच कर रहे हैं। घर में काफी मात्रा में अनाज, आटा, दाल, गैस सिलिंडर मिला। पालिका कर्मचारी युवक को जमकर हड़का रहे हैं। बोला कि जब तेरे घर में सारा सामान था तो बार बार डीएम कार्यालय, कंट्रोल रूम व कोतवाली में फोन करके क्यों कह रहा था कि साहब मेरे घर में खाने के लिए कुछ नहीं है।। बाद में युवक माफी मांगता हुआ भी दिखाई दे रहा है। जबकि पालिका कर्मचारी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी भी दे रहे हैं। मामले में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हेमराज पुंडीर ने बताया कि उक्त युवक ने कई बार अधिकारियों व कंट्रोल रूम पर फोन करके घर में खाने का सामान नहीं होने की बात कही। जांच कराई तो उसके घर में खाद्य सामग्री मिली। इसके अलावा भी कई और ऐसे मामले सामने आ रहे है कि दो दिन पहले सामग्री देने के बाद फिर से लोग राशन नहीं होने का फोन कर रहे हैं। ऐसे लोगों की जांच कराने के बाद ही सामग्री दी जाएगी।