चौसाना। गांव चौसाना से सटे मजरा भड़ी में बिजलीघर के रहने वाले लोग विद्युत निगम की अनदेखी से परेशान हैं। उनके क्षेत्र में कई साल से विद्युत खंभे तो लगे हैं, लेकिन लाइन नहीं खिंची गई है। इस कारण केबिल डालकर दूर तक बिजली आपूर्ति की जा रही है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
इस क्षेत्र के निवासी आजाद, जफ़र, खलील, नाजिम और जरीफ आदि ने बताया कि इस क्षेत्र में करीब 150 मकान हैं। काफी लोगों ने विद्युत कनेक्शन लिया हुआ है। पूर्व में यहां पर विद्युत लाइन खिंचवाने की मांग की गई थी, जिसके बाद खंभे तो गाड़ दिए गए, लेकिन विद्युत लाइन आज तक नहीं खिंच पाई है।
ऐसी दशा में केबिल डालकर ही बिजली आपूर्ति पहुंचाई जा रही है। केबिल नीचे लटकते रहते हैं, जिससे कभी भी हादसा होने का खतरा बना रहता है। इस बारे में कई बार क्षेत्र के एसडीओ और अवर अभियंता से शिकायत की, लेकिन विद्युत निगम के किसी भी अधिकारी ने इस समस्या का समाधान नहीं किया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही समाधान नहीं किया गया, तो वह आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
उधर, अवर अभियंता सहदेव कुमार का कहना है कि विभाग की तरफ से उक्त इलाके में विद्युत लाइन खींचने को मंजूरी नहीं मिली है। मंजूरी मिलने पर ही लाइन खिंची जा सकती है।