शामली, कैराना। करीब तीन माह पहले छात्रा अनुष्का शर्मा की स्कूल की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। वहीं इलाहाबाद उच्च न्यायालय में आरोपी पक्ष की ओर से एफआईआर रद्द कराने की मांग को लेकर याचिका दायर की थी। सुनवाई से पहले ही आरोपी पक्ष के वकील ने याचिका वापस ले ली।
26 मार्च को कैराना नगर की टीचर्स कॉलोनी स्थित डीके पब्लिक कान्वेंट स्कूल की तीसरी मंजिल से गिरकर कक्षा नौ की 13 वर्षीय छात्रा अनुष्का की संदिग्ध मौत हो गई थी। मृतका के पिता मुकेश कुमार की ओर से 29 मार्च को कोतवाली में स्कूल प्रबंधक के बेटे आदित्य सेन के खिलाफ छात्रा को आत्महत्या के उकसाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसएसपी सुकीर्ति माधव ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी थी। इसी बीच आरोपी पक्ष के अधिवक्ता ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में एफआईआर रद्द कराने की मांग को लेकर याचिका दायर की थी। कोर्ट में याचिका पर सुनवाई होने से पहले ही आरोपी पक्ष के अधिवक्ता ने याचिका को वापस ले लिया। संवाद