स्वास्थ्य कार्यक्रमों का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन करें
शामली। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों को शत प्रतिशत क्रियान्वयन करें। सीएमओ को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों में रुचि न लेने वाले और लापरवाह आशाओं पर कार्रवाई करें।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। डीएम ने आशाओं से कहा कि वे माताओं को मदर केयर के बारे में और अधिक जागरूक करें और गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण बढ़ाएं। स्वास्थ्य केंद्रों पर डिलीवरी की संख्या बढ़ाई जाए। कार्यक्रमों का कैलेंडर बनाया जाए। डीएम ने जननी सुरक्षा योजना और आशा भुगतान की प्रगति की जानकारी ली। डीएम ने अनुपस्थित रहने वाली और कार्य में रुचि न लेने वाली आशाओं पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने कोरोना महामारी में होम आइसोलेट किए गए लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी निरंतर लेने और होम आइसोलेशन में रहने वाले व्यक्तियों द्वारा फोन न उठाने वालों की सूची बनाकर उन्हें हिदायत देने को कहा।
स्वास्थ्य सेवाओं में जनपद प्रथम स्थान प्राप्त करने पर डीएम और सीएमओ ने प्रभारी चिकित्साधिकारियों, बीपीएम, बीसीपीएम, डाटा एंट्री ऑपरेटरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। डीएम ने बताया कि आयुष्मान में जनपद दूसरे स्थान पर रहा है। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक आशुतोष श्रीवास्तव ने किया।