वीवी इंटर काॅलेज में मतदान के दौरान महिलाओं की लगी लाइन।
- फोटो : अमर उजाला
शामली। विधानसभा चुनाव की ड्यूटी में लगे सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों का पोस्टल बैलेट पेपर के माध्यम से वोट डालने का काम शुरू हो गया है। पहले दिन जिले में सरकारी कर्मचारियों ने 420 वोट डाले। सबसे ज्यादा कैराना, थानाभवन विधानसभा क्षेत्र में डाले गए। रविवार और सोमवार को भी वोट डाले जाएंगे।
शनिवार को वीवी इंटर कॉलेज में मतदान कर्मियों का तीन दिवसीय मतदान प्रशिक्षण शुरू हो गया। इस दौरान विधानसभा चुनाव की ड्यूटी में लगे सरकारी अधिकारी, कर्मचारियों को पोस्टल बैलेट के माध्यम से वोट डालने के लिए विधानसभा स्तर पर कक्ष बनाए गए थे। सुबह दस बजे से लेकर शाम पांच बजे तक वोट डालने का काम चलता रहा। वोट डालने के लिए सबसे ज्यादा भीड़ कैराना और थानाभवन विधानसभाओं के कक्षों में रही।
शामली विधान सभा कक्ष में 95 कर्मचारियों ने वोट डाले। कैराना विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 166 और थानाभवन विधानसभा में 159 वोट डाले गए। समाज कल्याण अधिकारी अश्वनी कुमार ने बताया कि पहले दिन शामली, कैराना, थानाभवन विधानसभा क्षेत्रों से कुल 420 वोट डाले गए। रविवार, सोमवार को सुबह दस बजे से लेकर शाम पांच बजे तक सरकारी अधिकारी, कर्मचारियों की वोट डाली जाएंगी।
उन्होंने बताया कि जिले में पुराने 1340 मतदाता पूर्व में पंजीकृत हैं। 400 वोटर नए मतदाता हैं। उधर, निर्वाचन कार्यालय के एडीओ वेदपाल सिंह ने बताया कि शामली जिले के बाहर के जिलों में सरकारी कर्मचारियों की सूची तलब की गई है। जिससे वह अपना वोट पोस्टल बैलेट के माध्यम से डाल सकें।