संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर 12 अक्तूबर को होने वाली पीसीएस की प्री परीक्षा को लेकर एडीएम ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों के साथ ही सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की बैठक कलक्ट्रेट में ली। एडीएम ने सभी को आयोग की गाइड लाइन के अनुसार ही परीक्षा कराने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
जनपद में परीक्षा दो पाली में आयोजित होगी। परीक्षा में 5688 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सोमवार को परीक्षा को पारदर्शी, नकलविहीन संपन्न कराने के लिए कलक्ट्रेट सभागार में एडीएम सत्येंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने सभी को आयोग की गाइड लाइन के अनुसार परीक्षा कराने के निर्देश दिए। साथ ही अपने-अपने सेंटर का भ्रमण कर परीक्षा केन्द्रों पर व्यवस्था देखने के लिए कहा।अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने परीक्षा के दृष्टिगत निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर की गई सुरक्षा व्यवस्था आदि के बारे में जानकारी दी। कहा कि जो वस्तु परीक्षा केंद्र पर मान्य नहीं है, वो परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं जाएगी।