शामली। किसान दिवस में बकाया गन्ना भुगतान ब्याज समेत दिलाए जाने, अवैध खनन से क्षतिग्रस्त हो रहा यमुना तटबंध की मरम्मत कराने और मेरठ-करनाल मार्ग का जाम खत्म किए जाने सहित विभिन्न मुद्दों को उठाया गया। बुधवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में डीएम इंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता किसान दिवस आयोजित किया गया।
जिसमें किसान नेता राजवीर सिंह मुंडेट ने वर्ष 2017-18 का पेराई सत्र का चीनी मिलों से बकाया गन्ना भुगतान ब्याज समेत दिलाए जाने की मांग उठाई गई। नया गांव के किसान ओमवीर सिंह ने शामली गन्ना सहकारी गन्ना समिति द्वारा देरी से उर्वरक दिए जाने की समस्याएं समझाईं। एक-एक किसान का कई कई चीनी मिलों में बांड समाप्त किए जाने की मांग रखी।
कैैराना तहसील के मौहम्मद पुर राई निवासी महबूब हसन ने कहा कि अवैध खनन करने वालों माफिया ने यमुना नदी के तटबंध को क्षतिग्रस्त कर दिया है। थानाभवन के किसान श्याम सिंह ने कहा कि थानाभवन बीज गोदाम से प्राप्त धान का घटिया बीज किसानों को दिया गया है, जिससे किसानों की धान की पौध जम नही पाई है। डीएम ने जिला कृषि अधिकारी डॉ. हरीशंकर सिंह को जांच करने के निर्देश दिए। भाकियू नेता ईश्वर फौजी ने मेरठ-करनाल मार्ग, शहर में जाम से की समस्याओं से अवगत कराया।
कुड़ाना निवासी पप्पू मलिक ने गांव में पानी की टंकी बिछाए जाने से सड़कें तोड़ दी गई हैं। सड़कों की मरम्मत न कराकर छोड़ दिया गया। डीएम ने सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। किसान दिवस में जिला मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश सैनी ने पशुओं में किए गए टीकाकरण की जानकारी दी। मौके पर भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. नीरजा सिंह किसान दिवस का संचालन किया। वरिष्ठ प्रावैधिक सहायक शामली द्वारा मृदा परीक्षण, मृदा नमूने लेने की विधि पर प्रकाश डाला। जिला कृषि अधिकारी डॉ. हरिशंकर ने कृषि योजनाओं को जानकारी दी।