थानाभवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते मंडलाआयुक्त लोकेश एम0
- फोटो : SHAMLI
शामली। जिले के नोडल अधिकारी व मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने सीएचसी थानाभवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ओपीडी में चिकित्सक मरीजों को कुर्सी या स्टूल पर बैठाने की बजाय खड़े-खड़े जांच की जा रही थी। जिस पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जाहिर की और चिकित्सा अधीक्षक रवि पालीवाल को फटकार लगाते हुए अग्रिम आदेश तक उनका वेतन रोकने के आदेश दिए। साथ ही मरीजों के लिए तत्काल कुर्सी या स्टूल रखवाने के निर्देश दिए। शुक्रवार को मंडलायुक्त ने कोविड-19 वैक्सीनेशन कक्ष में चल रहे टीकाकरण की जानकारी ली। पैथोलॉजी लैब, क्षय रोग कक्ष और इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र पर अनावश्यक सामान की नियमानुसार नीलामी कराने को कहा। मंडलायुक्त ने हिदायत दी कि किसी भी मरीज को बाहर से दवाई न खरीदनी पड़े, अस्पताल से ही दवाई दी जाए। एडिशनल कमिश्नर डीपी सिंह, सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल भी मौजूद रहे।
----
ब्लॉक कार्यालय का भी किया निरीक्षण
मंडलायुक्त ने थानाभवन ब्लॉक कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उपस्थिति पंजिका को देखा और राष्ट्रीय आजीविका मिशन ग्रामीण कक्ष का निरीक्षण कर अभिलेखों का अवलोकन किया। सहायक विकास अधिकारी पंचायत कार्यालय का भी निरीक्षण किया। मंडलायुक्त ने जन शिकायत, तहसील दिवस, ऑनलाइन संदर्भ, सूचना का अधिकार, मुख्यमंत्री संदर्भ से संबंधित पंजिका का अवलोकन कर दिए गए निर्देशों के अनुपालन में की गई कार्रवाई की बिंदुवार आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान डीडीओ प्रमोद कुमार, बीडीओ डॉ. हरित कुमार आदि मौजूद रहे।
थानाभवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते मंडलाआयुक्त लोकेश एम0- फोटो : SHAMLI