रोडवेज की बसों में यात्रियों का रहा टोटा
शामली। जिले में पिछले तीन दिनों से झमाझम बारिश के चलते यूपी रोडवेज बसों पर असर पड़ा है। होली प्रोत्साहन योजना के पहले दिन धड़ाम से गिर गई है। शामली डिपो की 40 हजार रुपये की आय घट गई है।
होली के त्योहार में यूपी रोडवेज की आय बढ़ाने के लिए होली प्रोत्साहन योजना छह मार्च से लेकर 15 मार्च तक लागू की गई थी। यूपी रोडवेज के प्रबंध निदेशक डाक्टर राजशेखर ने होली प्रोत्साहन योजना के तहत सभी रोडवेज की बसों के संचालन के निर्देश दिए थे। होली प्रोत्साहन योजना शुक्रवार से लागू हो गई है। होली त्योहार के मद्देनजर शनिवार को सरकारी कार्यालयों- शिक्षण संस्थाओं में अवकाश घोषित होने के बाद यूपी रोडवेज की बसों में सवारियों का टोटा रहा। सवारियों के टोटा के चलते यूपी रोडवेज की बसों की आय प्रभावित हुई। यूपी रोडवेज बस स्टेशन के केंद्र प्रभारी राजेंद्र चौहान ने बताया कि पिछले तीन दिन से चल रही बारिश और कोरोना वायरस के प्रचार से यूपीरोडवेज बसों में सवारियों का टोटा रहा है। शुक्रवार को 23 यूपी रोडवेज की बसों से तीन लाख रुपये की आय हुई थी, मगर शनिवार को सवारियों का टोटा होने से आय दो लाख 60 हजार रुपये की आय हो पाई है। उनका कहना है कि एक दिन में 40 हजार रुपये की आय घट गई। सिर्फ शामली से लखनऊ जाने वाली बसों में सिर्फ सवारियों की भीड़ उमड़ी है।