कैराना में पानीपत रोड पर हैदरपुर के पास फोरलेन 709 एडी की लेयर बनाती मशीने
- फोटो : SHAMLI
कैराना। पानीपत-खटीमा फोरलेन-709 एडी पर तारकोल का काम शुरू हो गया है। आधुनिक मशीनों के जरिए तारकोल-बजरी की दो परतें डालने का काम चल रहा है।
कैराना तहसील क्षेत्र से होकर गुजरने वाले फोरलेन हाईवे के निर्माण में तेजी आ गई है। फोरलेन पर दो परत की सड़क बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। हरियाणा के पानीपत के गांव सिवाह से कैराना, शामली, मुजफ्फरनगर होते हुए बिजनौर के नगीना तक बन रहे नेशनल हाईवे-709एडी (फोरलेन) का कार्य तीन चरणों में पूरा होगा। पहले चरण में कैराना में यमुना नदी पर फो रलेन पुल का निर्माण कार्य तेजी के साथ चल रहा है। वहीं गांव हैदरपुर के सामने से काली सड़क बनाने के लिए बेस तैयार हो गया था।
शनिवार को बेस मैटेरियल के ऊपर मोटी रोड़ी व तारकोल की डीबीएम टॉप लेयर डालने का कार्य शुरू कर दिया गया है। काली सड़क बनाने के लिए पेवर मशीन, रोलर व सड़क पर ऊंची-नीची जगहों को समान करने के लिए पीटीआर मशीन का प्रयोग किया जा रहा है। सड़क बना रहे इंजीनियरों की टीम ने बताया कि डीबीएम टॉप लेयर के बाद एक और दूसरी बीसी लेयर डाली जाएगी। जिसके बाद सड़क पर पेंट आदि का कार्य भी किया जाएगा। हरियाणा के जलालपुर स्थित जीआर इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड द्वारा फोरलेन तैयार करने के लिए बड़ा प्लांट लगाया गया है। वहीं हाईवे से गांव-कस्बतों को जोड़ने के लिए 22 किलोमीटर की सर्विस लेन भी पहले चरण में बनाई जाएंगी। यह प्रोजेक्ट 796 करोड़ रुपये की लागत में पूरा होगा।
कैराना में पानीपत रोड पर हैदरपुर के पास फोरलेन 709 एडी की लेयर बनाती मशीने- फोटो : SHAMLI