जलालाबाद। साधन सहकारी समिति के धान क्रय केंद्र पर धान खरीद न करने का आरोप लगा किसानों ने जमकर हंगामा काटा और धरना देकर बैठ गए। उन्होंने समिति सचिव को बंधक बनाकर धरना स्थान पर बैठा लिया। घंटो मशक्कत के बाद मजदूरों को बुलाकर केंद्र चालू कराया।
जलालाबाद क्षेत्र में अंबेहटा याकूबपुर साधन सहकारी समिति पर धान क्रय केंद्र खोला गया है, लेकिन इस केंद्र पर आज तक एक भी दाना धान नहीं खरीदा गया। मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन भानू गुट के कई दर्जनों कार्यकर्ता पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी विक्रांत चौधरी और जिलाध्यक्ष चौधरी श्याम सिंह के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए समिति कार्यालय पर पहुंचे।
उन्होंने केंद्र पर धान की खरीद न करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। किसानों को समझाने पहुंचे सचिव धर्मपाल सिंह को बंधक बनाकर किसानों ने अपने बीच बैठा लिया। इस दौरान किसान नेता चौधरी विक्रांत ने आरोप लगाया कि साधन सहकारी समिति के सचिव किसानों का धान खरीद में बहानेबाजी कर टरका देते हैं। जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान अपना धान औने पौने दामों में बेचने को विवश हो रहा है।
किसानों ने समिति के सचिव पर कई गंभीर आरोप लगाए। काफी प्रयास के बाद सचिव ने क्रय केंद्र पर मजदूरों को बुलवाकर खरीद शुरू कराई। धरने में राशिद चौधरी, राजकुमार शर्मा, बेबी रोड, देश बंधु शर्मा, विजय सैनी, नीरज कुमार, विक्रम सिंह, विशाल सैनी, सोमपाल, बाबूराम, वेदपाल, रतन सिंह, प्रवीण सैनी, अरशद खा, जय शर्मा आदि रहे।