संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। कस्बा एलम निवासी पीएससी सिपाही युगल बालियान (27) की फंदे से लटककर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सिपाही की मौत से परिजनों में गम का माहौल है। एलम के मोहल्ला जवाहर नगर निवासी युगल बालियान का चयन 2021 में पीएससी में हुआ था।
पारिवारिक चचेरे भाई सचिन ने बताया कि वे वर्तमान में 44 बटालियन पीएसी जनपद मेरठ में आरक्षी के पद पर तैनात थे। पिछले करीब तीन महीने से घर पर आए थे। बीच में एक-दो बार अपने ऑफिस में गए थे। शनिवार को घर के कमरे में उनका शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों की तरफ से इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। युगल बालियान अविवाहित थे। उनके भाई पारस बालियान और पिता करण सिंह समेत पूरे परिवार में गम का माहौल बना है।
एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि गमछे के सहारे फंदे से लटकर पीएसी के सिपाही द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। सिपाही 22 मई से गैर हाजिर चल रहे थे। घटना के संबंध में साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। इस संबंध में कमांडेंट 44 बटालियान पीएसी जनपद मेरठ सचिंद्र पटेल को अवगत कराया गया है।