पीएसी कैंप की जमीन का किया सीमांकन
कैराना (शामली)। ऊंचा गांव में पीएसी कैंप बनने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। शनिवार को ऊंचा गांव के 66 किसानों ने अपनी जमीन छठी वाहिनी पीएसी कमांडेंट को बेची थी। बैनामों के बाद रविवार को राजस्व विभाग की टीम व पीएसी के अधिकारियों ने ऊंचा गांव पहुंचकर जमीन की पैमाइश कराने के साथ निशानदेही की।
शनिवार को ऊंचा गांव में पीएसी कैंप बनाने के लिए 66 किसानों ने छठी वाहिनी पीएसी/23वीं वाहिनी पीएसी कमांडेंट कुंवर अनुपम सिंह के नाम जमीन के बैनामे कर दिए थे। रविवार को तहसील कानूनगो हरवीर सिंह और लेखपालों के टीम के अलावा पीएसी के क्षेत्राधिकारी अब्दुल रज्जाक, एसआई अरविंद कुमार अपनी टीम के साथ ऊंचा गांव पीएसी की भूमि पर पहुंचे। यहां लेखपालों ने बैनामों के आधार पर पीएसी की 24.8697 हेक्टेयर भूमि की पैमाइश की। इसके बाद भूमि की निशानदेही कराई गई। बाद में वहां लकड़ी के खूंटे लगाए। कानूनगो हरवीर सिंह ने बताया कि रविवार को पीएसी द्वारा खरीदी गई भूमि की पैमाइश करा कर निशानदेही के पश्चात पीएसी ने अपने लकड़ी के पिलर गाड़ दिए हैं। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष राज कुमार चौहान, राम गोपाल, राम श्याम, सुंदर सिंह, सहेंद्र आदि ग्रामीण भी मौजूद रहे।