शामली। शहर में जाम की समस्या लोगों के लिए नासूर बन चुकी है। शहर के बुढ़ाना रोड व धीमानपुरा रोड पर बने रेलवे फाटकों के कारण समस्या अधिक जटिल हो गई है।
अक्सर ट्रेनों के संचालन के दौरान फाटक बंद होने से लंबा जाम लग जाता है। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सोमवार को भी शहर में भयंकर जाम लगा रहा।
दरअसल, शहर के बुढ़ाना रोड व धीमानपुरा रोड पर रेलवे फाटक हैं। ट्रेन के आने के दौरान फाटक बंद कर दिए जाते हैं, जिससे दोनों ओर जाम लगता है। लोग भी एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में लाइन काटकर फाटक पर पहुंच जाते हैं, जिससे परेशानी बढ़ जाती है।
हालत यह है कि यदि पांच मिनट तक फाटक बंद रहे, तो धीमानपुरा फाटक पर दोनों ओर करीब एक किमी लंबा जाम लग जाता है। यही हालात बुढ़ाना रेलवे फाटक का है।
सोमवार को भी ऐसा ही हुआ। सोमवार की सुबह करीब 11 बजे दिल्ली से चलकर सहारनपुर जाने वाली ट्रेन आउटर पर खड़ी हो गई। जिस कारण करीब बीस मिनट तक फाटक बंद रहा। इस दौरान पूरे शहर में जाम लग गया। धीमानपुरा रेलवे फाटक के दोनों ओर जाम लग गया।
जिससे यात्री कड़ी धूप में तपते रहे। फाटक खुलने के बाद भी जाम की स्थिति बनी रही। यातायात पुलिसकर्मी जाम खुलवाने में जुटे रहे। करीब एक घंटे बाद हालात सामान्य हो सके।