ऊन के गांव सांपला में सभा को सम्बोधित करते प्रवीण तोगड़िया । संवाद
ऊन (शामली)। सोमवार को गांव सांपला में अंतरराष्ट्रीय विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रमुख डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने हिंदू समाज के संगठित होने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा केंद्रों के माध्यम से समाज को मजबूत किया जा सकता है। इस मौके पर उन्होंने हिंदू विरोधी तत्वों पर भी निशाना साधा।
डॉ. तोगड़िया ने कहा कि आज हिंदू आबादी घट रही है और हिंदू विरोधी ताकतें उभर रही हैं। उन्होंने मौजूदा दौर में जनसंख्या नियंत्रण कानून की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इसे अवश्य लागू कराया जाएगा। उन्होंने नारा देते हुए कहा, तीन बच्चे, हिंदू सच्चे। आजादी के बाद से हिंदुओं की संख्या घटी है। हम ऐसी व्यवस्था करेंगे कि हिंदू ही जीतेगा, हिंदू ही पीटेगा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक सप्ताह अपने गांव, मोहल्ले और वार्ड में हनुमान चालीसा का पाठ कराएं, इसके माध्यम से हिंदू समाज संगठित होगा और बच्चों तथा युवाओं को संस्कार, शस्त्र और शास्त्र का ज्ञान भी मिलेगा। डॉ. तोगड़िया ने बताया कि पूरे देश में एक लाख हनुमान चालीसा केंद्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें अभी तक लगभग 30,000 केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा, बांग्लादेश में रह रहे तीन करोड़ हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनी ठुकराल, गौरव राघव ने भी विचार रखें। सभा का संचालन राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष मिथुन सिरोही ने किया। महिला परिषद उत्तर प्रदेश की अध्यक्ष अंजली, स प्रमोद कुमार, डॉ. घनश्याम, रोहित मौजूद रहे।