शामली। सेंट फ्रांसिस स्कूल में फीस बढ़ाने और हर साल पाठ्यक्रम में बदलाव करने पर अभिभावकों ने आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी है। अभिभावकों ने स्कूल में प्रदर्शन कर प्रधानाचार्य से फीस बढ़ाने का निर्णय वापस लेने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर बच्चों का नाम स्कूल से कटवा लेने की चेतावनी दी है।
सोमवार को अभिभावक एकत्र होकर सेंट फ्रांसिस स्कूल में पहुंचे। वहां प्रधानाचार्य फादर बिजू से बातचीत कर अभिभावकों ने कहा कि प्रतिवर्ष फीस वृद्धि बंद कराई जाए। साथ ही मनचाहे मूल्यों पर किताबों की बिक्री बंद पर रोक लगाई जाए, परिवहन शुल्क के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूली बंद कराने तथा प्रतिवर्ष के स्थान पर तीन साल में ही पाठ्यक्रम में बदलाव कराने की मांग की। कुछ अभिभावकों ने कहा कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं होती है, तो वह बच्चों का नाम स्कूल से कटवा लेंगे।
प्रधानाचार्य फादर बिजू ने कहा कि इस मामले में स्थानीय स्तर पर निर्णय नहीं लिया जा सकता है, उसके लिए हेड क्वार्टर से बात करेंगे। अभिभावकों ने चेतावनी दी कि यदि 30 तक उनकी मांगे पूरी नहीं की जाती हैं, तो एक मई से स्कूल गेट पर अनिश्चितकालीन धरना देंगे। इस दौरान विकास धीमान, अनुराग शर्मा, सचिन तोमर, टिंकू तोमर, योगेंद्र मलिक, शैली निर्वाल, संजीव चौधरी, रजत जैन, सोनू कुमार, इमरान, मीना, सविता, बबली आदि रहे।