अगस्त के पहले सप्ताह से जिला अस्पताल में शुरू होगी ओपीडी
शामली। जिला संयुक्त चिकित्सालय में अगस्त माह के पहले सप्ताह में ओपीडी शुरू करने पर सहमति बनी है। जिला अस्पताल चालू होने के बाद प्रसव व इमरजेंसी सेवा शुरू की जाएगी।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम जसजीत कौर की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की बैठक हुई। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सफल कुमार ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से जिला संयुक्त चिकित्सालय चालू करने का प्रस्ताव रखा गया। प्रस्ताव पर चर्चा के बाद सहमति बनी कि अगले महीने अगस्त के पहले सप्ताह में जिला अस्पताल में खाली पड़ी बर्न यूनिट के भवन में ओपीडी चालू कर दी जाएगी। जिला अस्पताल में नियुक्त हुए पांच चिकित्सक मरीजों की जांच कर उपचार शुरू करेंगे। इसके बाद प्रसव व इमरजेंसी सेवा चालू कर दी जाएगी। इसके अलावा जिला अस्पताल में यौन संबंधी बीमारियों के इलाज के नवीन सुरक्षा क्लीनिक चालू किया जाएगा। सीएमएस ने बताया कि जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू करने के लिए डीएम को आवेदन किया जाएगा। सीएमएस ने बताया कि बैठक में जिला अस्पताल में ओपीडी शुरू करने के लिए गए निर्णय के बारे में शासन को अवगत करा दिया जाएगा। बैठक में सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल, डॉ. रीतिनाथ शुक्ला आदि मौजूद रहे।