संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले के सदर तहसील और बलवा चौराहों पर तीन उपरिगामी पुलों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएनएचएआई), बागपत इकाई ने इस परियोजना के लिए दस दिन पहले ऑनलाइन टेंडर जारी कर दिया है। आगामी 4 नवंबर 2025 को टेंडर खुलने के बाद ठेकेदार के चयन के साथ पुलों का निर्माण शुरू होगा।
दिल्ली-शामली, सहारनपुर, मेरठ-करनाल, पानीपत-खटीमा हाईवे और उनके बाईपास पर बलवा, सदर तहसील, गोहरनी चौराहा व बधेव चौराहा सहित अन्य स्थान हादसों के चलते मौत के चौराहे बन चुके हैं। आम नागरिक और सड़क उपयोगकर्ता लंबे समय से इन चौराहों पर उपरिगामी पुलों के निर्माण की मांग करते आ रहे हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, बागपत इकाई ने दिल्ली-शामली, सहारनपुर हाईवे पर पानीपत-खटीमा हाईवे को जोड़ने वाले पहले उपरिगामी पुल, शामली बाईपास पर दूसरा उपरिगामी पुल, और पानीपत-खटीमा को जोड़ने वाले बाईपास पर तीसरे उपरिगामी पुल के निर्माण का 117 करोड़ रुपये का अनुमान केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय को भेजा था।
साइट इंजीनियर राजन पांडे ने बताया कि बलवा में दो और सदर तहसील के पास एक पुल का टेंडर 4 नवंबर को खोला जाएगा। ठेकेदार चयन के बाद इन तीनों पुलों के निर्माण का कार्य प्रारंभ होगा।
यह परियोजना पूरी होने पर न केवल इन चौराहों पर होने वाले हादसों पर लगाम लगेगी, बल्कि हाईवे पर वाहनों का संचालन भी सुगम और सुरक्षित हो जाएगा।