जलालाबाद। जलालाबाद-गंगोह मार्ग स्थित अहमदपुर पुलिया के निकट पुलिस मुठभेड़ में बाइक सवार एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया जबकि दूसरे को मौके पर दबोच लिया। दोनाें बदमाश दुकानों के बाहर से सामान चोरी करने के आरोप में वांछित चल रहे थे।
मंगलवार की सुबह नौ बजे अहमदपुर पुलियाा के निकट पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गंगोह की ओर से आ रहे बाइक सवार शौकीन व आरिफ निवासी मल्हीपुर थाना रामपुर मनिहारान जनपद सहारनपुर पहुंचे तो पुलिस ने उन दोनों को रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार बदमाश अहमदपुर रजबहे की तरफ भाग निकले। पुलिस द्वारा पीछा करने पर बदमाश पुलिस पर फायर करते हुए जंगल के रास्ते भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शौकीन पैर में गोली लगने से घायल हुआ, जबकि दूसरा आरोपी आरिफ मौके से भाग निकला, जिसे पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से तमंचा , दो कारतूस, कारतूस, आठ हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त बाइक एवं चोरी किया हुआ बादाम का कट्टा बरामद हुए। पुलिस ने घायल बदमाश को थानाभवन चिकित्सालय में भर्ती कराया। मौके पर पहुंचे एएसपी संतोष कुमार सिंह ने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। एएसपी ने बताया कि शौकीन के विरुद्ध थाना रामपुर मनिहारान में मुकदमा पंजीकृत है, दोनों वांछित थे। पकड़े गए दोनों बदमाश शातिर चोर है, जो दुकानो पर चोरी में शामिल हैं।