थानाभवन (शामली)। पुलिस ने मसावी गांव के जंगल में छापा मार कर गोकशी करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जबकि चार अन्य मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से ढाई क्विंटल गोमांस बरामद किया है।
कादरगढ़ पुलिस चौकी इंचार्ज जितेंद्र शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे उन्हें सूचना मिली कि मसावी गांव के जंगल में कुछ लोग गोकशी कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर छापा मारा। पुलिस को आता देख मौके पर मौजूद पांच लोग भागने लगे। इनमें से पुलिस ने एक आरोपी इश्तेकार उर्फ भूरा पुत्र रईस निवासी मसावी को दबोच लिया, जबकि चार अन्य फरार होने में कामयाब हो गए। इस दौरान पुलिस को मौके से ढाई क्विंटल मांस बरामद हुए। पुलिस ने पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाकर जांच कराई तो परीक्षण के बाद मांस के गाय के बछड़े का होने की पुष्टि हो गई। साथ ही पुलिस को मौके से तीन छुरी, कुल्हाड़ी, तराजू, लकड़ी का गुटका, रस्सी आदि सामान बरामद हुआ। सख्ती से पूछने पर आरोपी ने अपने साथियों के नाम मेहराज, नौशाद, गुल्लू व तौहीद निवासी भैंसानी इस्लामपुर बताए। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार हुए चारों आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।