शामली सीएचसी में आयोजित टीकाकरण कैंप में भाग लेती डीएम जसजीत कौर व सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल।
- फोटो : SHAMLI
पहले दिन 12 से 14 वर्ष के 55 बच्चों को लगा कोरोनारोधी टीका
शामली। जिले में 12 से 14 साल तक के किशोरों का कोरोना टीकाकरण अभियान बुधवार को शुरू हो गया। पहले दिन 55 स्कूली किशोरों को कोरोना का टीका लगाया गया।
शामली सीएचसी में बनाए गए टीकाकरण केंद्र का डीएम जसजीत कौर ने फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने किशोरों का उत्साहवर्धन करते हुए फल भी वितरित किए। उन्होंने बच्चों को टीकाकरण में सावधानियां बरते जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चे अभी छोटे हैं, बुखार आए तो तो घबराएं नहीं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जो दवा दी जा रही है, वह बच्चों को दें। उन्होंने चिकित्सकों से भी कहा कि आगामी दिनों में बच्चों के पेपर शुरू होने जा रहे है, जिसको लेकर बच्चों को एक समय निर्धारित कर टीकाकरण करें ताकि बच्चों को परीक्षा के दौरान बुखार या अन्य कोई समस्या न आए।
डीएम ने कहा कि सदी की सबसे बड़ी महामारी के खिलाफ लड़ने का हमारा अभियान जारी है। पूरी दुनिया ने भारत के कोरोना प्रबंधन की सराहना की है। उन्होंने कहा कि होली के बाद टीकाकरण केंद्र बढ़ाए जाएंगे।