फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शामली में यमुना की धार मोड़ने के मामले में जांच शुरू, खनन स्थलों की कराई जाएगी वीडियोग्राफी

Sat, 06 Mar 2021 05:12 PM IST
मेरठ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शामली
विज्ञापन
कैराना में मंडावर रेत खनन पाइंट पर विडियोग्राफी करते एडीएम अरविन्द कुमार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश के शामली में यमुुना में खनन स्थलों पर रेत की ढांग लगाकर यमुना की धार मोड़ने के मामले में एडीएम अरविंद सिंह एवं एसडीएम कैराना ने मौके पर पहुंचकर जांच की। खनन स्थलों की वीडियोग्राफी कराने के साथ ही पैमाइश शुरू करा दी गई है।
विज्ञापन


तहसील क्षेत्र के गांव मंडावर व इस्सोपुर खुरगान में रेत खनन के पट्टे संचालित हैं। यहां पर खनन ठेकेदारों ने यमुना के पानी को रोकने के लिए रेत की बड़ी ढांग लगा दी हैं। इससे यमुना का जल प्रवाह बदल गया है, जबकि एनजीटी की गाइडलाइन के अनुसार नदी की जलधारा को मोड़ना अवैध माना गया है।

यह भी पढ़ें: यूपी पुलिस का कारनामा: जिंदा किशोरी को मुर्दा दिखाकर जेल भेजे तीन लोग, एडीजी ने बैठाई जांच
विज्ञापन
विज्ञापन

गुरुवार को ग्रामीणों ने बताया था कि खनन ठेकेदारों ने यमुना की जल धारा को गलत तरीके से मोड़ा गया है तथा खनन प्वाइंट्स पर दिन-रात भारी मशीनों से रेत खनन किया जाता है। रेत की बड़ी ढांग बनाने तथा भारी मशीनों से गहराई तक खनन करने से जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे गांवों में बाढ़ जैसी समस्या का सामना करना पड़ सकता है।

शुक्रवार दोपहर एडीएम अरविंद सिंह, एसडीएम उद्भव त्रिपाठी एवं सीओ जितेंद्र कुमार लेखपालों की टीम के साथ इस्सोपुर खुरगान खनन प्वाइंट्स पर पहुंचे और टीम ने खनन प्वाइंट्स की वीडियोग्राफी की।

बाद में टीम मंडावर खनन प्वाइंट्स पर पहुंची। यहां भी वीडियोग्राफी की गई। एडीएम अरविंद कुमार ने बताया कि मौके पर पैमाइश कराई जा रही है। इसके बाद ही यह पता लग पाएगा कि आवंटित स्थान से अलग तो खनन नहीं किया गया।

खनन विभाग ने नहीं दिया ध्यान
यमुना में चल रहे खनन पट्टों पर ढांग लगाकर यमुना की धारा को मोड़ दिया गया लेकिन खनन विभाग ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया। ग्रामीण यदि शिकायत न करते तो यह मामला उजागर ही नहीं होता। आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह से मशीनों से गहराई तक खनन किया जा रहा है उससे बरसात के दिनों में नदी की धारा बदलने की आशंका है। पहले भी खनन से हुए गड्ढों से हादसे होते रहे हैं।

नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें