निर्वाचन ड्यूटी में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों की होगी जांच
शामली। निर्वाचन ड्यूटी में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों की कोविड-19 की जांच कराई जाएगी। इसके लिए जिला मुख्यालय पर तीन स्थानों पर बुधवार को हेल्थ कैंप लगाए जाएंगे।
डीएम जसजीत कौर ने कहा कि जनपद में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। संक्रमण को रोकने के लिए बुधवार को कलक्ट्रेट, विकास भवन और पुलिस लाइन में हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस हेल्थ कैंप में निर्वाचन ड्यूटी में लगे अधिकारी व कर्मचारियों की कोविड-19 की जांच कराई जाएगी। साथ ही कलक्ट्रेट, विकास भवन, पुलिस लाइन में जिस व्यक्ति को भी कोरोना के लक्षण प्रतीत होते हों, ऐसे सभी अधिकारी व कर्मचारियों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि तीनों स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा हेल्थ कैंप में कोविड-19 की जांच की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जांच में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर तत्काल कोविड किट दी जाएगी और उन्हें होम आइसोलेट किया जाएगा। जिस व्यक्ति के घर पर होम आइसोलेट की सुविधा नहीं है, ऐसे व्यक्तियों को कोविड एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। डीएम ने कहा कि निर्वाचन ड्यूटी करने के बाद कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा हो सकता है। इसलिए सीएमओ संजय अग्रवाल को तीनों स्थानों पर कैंप लगाने की व्यवस्था कर कोविड-19 की जांच कराए जाने के निर्देश दिए हैं।