शामली। कांग्रेस के संगठन सर्जन अभियान के अंतर्गत थानाभवन ब्लाॅक के गांव उमरपुर में मंडल गठन की बैठक हुई। इस अवसर पर नवनियुक्त ब्लाॅक अध्यक्ष सुमित कौशिक का मुख्य अतिथि जनपद शामली के कोऑर्डिनेटर ज्ञानेंद्र सिंह राघव और जिलाध्यक्ष अखलाक प्रधान ने स्वागत किया।
शुक्रवार को हुई बैठक में ज्ञानेंद्र सिंह राघव ने कहा कि कार्यकर्ताओं और नेताओं की सर्वसम्मति से मंडल अध्यक्षों का चयन किया गया। चयन में जाति, धर्म, युवा, सक्रियता और कार्यकर्ताओं की निष्ठा को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने की शपथ दिलवाई। उन्होंने कहा कि हर मंडल स्तर पर बूथ कमेटियों में सक्रिय व समर्पित युवाओं को जोड़ा जाए ताकि राहुल गांधी के सपनों को साकार किया जा सके।
बैठक में सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया गया कि सरकार ने प्रदेश के 5000 बेसिक स्कूल बंद कर दिए हैं, सिंचाई विभाग के पद समाप्त कर दिए गए हैं, जिससे शिक्षा और रोजगार के अवसर घटे हैं। साथ ही, जाति-धर्म के नाम पर समाज को बांटने का भी आरोप लगाया गया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक कांग्रेस को मजबूत करें और जनमानस के बीच जाकर पार्टी की विचारधारा और राहुल गांधी के संदेश को पहुंचाने की अपील की। इस अवसर पर राकेश शर्मा, जबरपाल सिंह, कारी जुल्कान, बृजेश शर्मा, नंदकिशोर, विकास, सुभाष आदि मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अखलाक प्रधान ने की और संचालन जिला महासचिव संदीप शर्मा ने किया।