शामली। डीसीओ डॉक्टर अनिल भारती ने कहा कि शासन के निर्देश पर गन्ना विभाग स्वयं गन्ना सर्वेक्षण करेगा। सर्किल इंचार्ज गन्ना सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ करने से पूर्व संबंधित ग्राम का राजस्व रिकार्ड अपने पास रखेगा। गन्ना सर्वेक्षण के दौरान कृषक को घोषणा पत्र उपलब्ध कराया जाएगा, जिसको कृषक अपने खेत के अनुसार गन्ने के प्रजाति व क्षेत्रफल के अनुसार भरकर सर्किल इंचार्ज को आधार कार्ड की फोटोप्रति सहित आवश्यक रूप से उपलब्ध कराएगा।
बुधवार को डीसीओ डॉक्टर अनिल भारती ने जिले के गन्ना सर्वेक्षण वर्ष 2018-19 की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान गन्ना सर्वेक्षण में लगाई गई सभी टीमों के इंचार्ज से ग्रामवार जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि प्रत्येक सर्किल में सर्किल इंचार्ज गन्ना सर्वेक्षण कार्य आरंभ करने से पूर्व संबंधित ग्राम का राजस्व रिकार्ड अपने पास रखेगा, जिसे विभाग द्वारा सभी को राजस्व रिकार्ड उपलब्ध करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि जनपद की कुछ चीनी मिलों ने गन्ना सर्वेक्षण कार्य करने से मना कर दिया है।
इस पर शासन से निर्देश मिल गया है कि गन्ना विभाग स्वयं गन्ना सर्वेक्षण करेगा। ग्रामवार सर्किलों का गठन कर लिया गया है। सर्किल इंचार्ज के रूप में राजकीय गन्ना पर्यवेक्षक, सामयिक गन्ना समिति लिपिक को बनाया गया है। प्रत्येक सर्किल इंचार्ज को निर्देश दिया गया है कि सर्वेक्षण कार्य को पूरी निष्पक्षता और निर्धारित समयावधि में पूर्ण करे सर्वेक्षण कार्य एवं सर्किल इंचार्ज की जांच हेतु भी जांच दल गठित किया गया है, जो अचानक जांच कर प्रत्येक दिवस पर जांच रिपोर्ट भजेंगे।
बैठक में ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक उपेंद्र कुमार सिंह, सहकारी गन्ना विकास समिति शामली के सचिव मुकेश कुमार राठी, गन्ना पर्यवेक्षक शामली अरुण, गन्ना पर्यवेक्षक संजय कुमार गुप्ता, पर्यवेक्षक गोपाल चरण दास, नवीन गन्ना पर्यवेक्षक, सचिन कुमार लिपिक मौजूद रहे।