झिंझाना। बिजली विभाग ने सालों से लंबित बिजली चोरी के मामलों पर कार्रवाई करते हुए चौसाना क्षेत्र और आसपास के गांवों में कुल 266 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए हैं। इसमें चौसाना में 109, अलीपुरा में 11, गंगारामपुर खेड़की में 40, जिजौला में 28, भड़ी में 76 और लक्ष्मीपुरा में 2 उपभोक्ता शामिल हैं। विभाग की छूट योजना के तहत उपभोक्ता जुर्माना जमा कर राहत पा सकते हैं।
छूट योजना के अनुसार, दिसंबर में 50 प्रतिशत, जनवरी 2026 में 45 प्रतिशत और फरवरी 2026 में 40 प्रतिशत आकलन राशि पर छूट दी जाएगी। शमन शुल्क अलग जमा करना होगा। पंजीकरण के लिए 2000 रुपये या आकलन राशि का 10 प्रतिशत (जो अधिक हो) जमा करना अनिवार्य है। पहचान पत्र, फोटोयुक्त मापपत्र और चोरी वाले परिसर की अकाउंट आईडी देना जरूरी है। जिनके पास कनेक्शन नहीं है, उन्हें झटपट पोर्टल पर नया कनेक्शन लेना होगा। कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को सभी बकाया चुकाना होगा। एसडीओ साहब सिंह ने सभी बिजली घरों का दौरा कर नोटिस वितरित करवाए। इस कार्य में जेई आजम अकबर और छोटे जेई रंजीत कुमार ने सहयोग किया। विभाग ने चेतावनी दी कि समय पर भुगतान न करने पर छूट का लाभ नहीं मिलेगा।