सीएचसी का निरीक्षण करती सीएमओ।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के कांधला में सीएमओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया । इस दौरान सीएचसी पर सफाई व्यवस्था ठीक नहीं मिली और अन्य भी कई खामियां पाई गईं।
बृहस्पतिवार को सीएमओ डा. विनीता अग्निहोत्री ने रेलवे रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने अस्पताल का रिकार्ड चेक करने के साथ ही जच्चा बच्चा वार्ड का निरीक्षण कर वहां पर भर्ती महिलाओं से समय पर दवाएं व अन्य सामाग्री मिलने के बारे में जानकारी हासिल की। इसके बाद उन्होंने डीप फ्रीजरों को चेक किया।
डीप फ्रीजर में वैक्सीन कम मिलने और अस्पताल में मरीजों को भर्ती नहीं करने पर एक चिकित्सक को जमकर हड़काया। बाद में उन्होंने अस्पताल में स्थित शौचालयों का भी निरीक्षण किया। शौचालयों में भरी गंदगी देखकर सीएमओ ने साफ सफाई कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में ही गंदगी रहेगी तो बाकी जगह का क्या होगा। उन्होंने लेबर रूम में बीपी मशीन के नहीं मिलने पर भी नाराजगी जताई। सीएमओ ने प्रयोगशाला सहित आकस्मिक चिकित्सा कक्ष का भी निरीक्षण किया। वहां पर भी सीएमओ को कई खामियां मिलने के कारण वे नाराज हुई उन्होंने संबंधित चिकित्सकों को चेतावनी दी कि अगर अगले निरीक्षण के समय केंद्र पर कोई भी खामियां या फिर गंदगी पाई गई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्वच्छता बरतने को कहा।