शामली। नगर निकाय चुनाव के लिए जिले में अध्यक्ष और सदस्य पदों पर दाखिल नामांकन पत्रों की जांच में सभी वैध पाए गए। मंगलवार को नगर निकाय चुनाव में शामली पालिका परिषद, बनत, एलम, थानाभवन, जलालाबाद नगर पंचायत में अध्यक्ष व सदस्य पद के लिए सभी दाखिल नामांकन पत्रों को जांच में आरओ द्वारा वैध मान लिया गया है।
शामली नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 15 प्रत्याशी, सदस्य पद के लिए 282, थानाभवन नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए पांच प्रत्याशी व सदस्य के लिए 113, बनत नगर पंचायत अध्यक्ष के 11 प्रत्याशी सदस्य के लिए 64 नामांकन पत्र वैध पाए गए।
एलम नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए सात व सदस्य के लिए 51 नामांकन पत्र व जलालाबाद नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 18 व सदस्य पद के लिए 90 नामांकन पत्र वैध पाए गए।
कैराना तहसील पर कैराना व कांधला नगरपालिका परिषद के सभी चेयरमैन व वार्ड सभासद प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों के जांच में आरओ द्वारा वैध मान
लिया गया है। कैराना नगरपालिका परिषद के चेयरमैन पद के लिए 19 कांधला चेयरमैन पद के लिए 13 प्रत्याशियों के नामों सूची जारी करके चस्पा की गई है। इसके अलावा कैराना के सभी 25 वार्डों के लिए 222 व कांधला के सभी 25 वार्डों के लिए 119 प्रत्याशियों के नामों की सूची चस्पा की गई। उपजिलाधिकारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को नाम वापसी व शुक्रवार को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
नामांकन पत्रों की जांच के दौरान कांधला के वार्ड संख्या 11 के एक प्रत्याशी के प्रस्तावक ने अपना प्रस्ताव वापस ले लिया है, जिसके बाद प्रत्याशी का नामांकन रद्द कर दिया गया।
वहीं, दूसरी तरफ कांधला नगर पालिका के रिटर्निग आफिसर ने बताया कि कांधला के वार्ड 11 से जितेंद्र ने वार्ड सभासद पद के लिए नामांकन पत्र जमा कराया था। कांधला निवासी तनुज प्रस्तावक बने थे। पत्रों पर आपत्ति व जांच कार्य के दौरान तनुज ने कांधला के वार्ड संख्या-11 के जितेंद्र के नाम का प्रस्ताव वापस ले लिया, जिसके कारण जितेंद्र का नामांकन रद्द कर दिया गया है। नामाकंन पत्रों की जांच के बाद अब नाम वापसी और पार्टी सिंबल का दौर चलेगा।