शामली मौहल्ला गुजारतियान स्थित हॉटस्पॉट सैटर
- फोटो : SHAMLI
शामली। कोरोना केस बढ़े तो कंटेनमेंट जोन भी बनने शुरू हो गए हैं। संक्रमितों के घर को सील करने के लिए बाहर बेरिकेडिंग हुई, पर पहले जैसी न तो सख्ती है और न ही सुरक्षा, निगरानी हो रही है।
शासन के निर्देश पर शामली शहर में अब तक छह कंटेनमेंट जोन बनाए जा चुके हैं। निर्माण विभाग के लिपिक अनिल कुमार ने बताया कि मोहल्ला गुजरातियान में दो, नाला पटरी पर एक, बड़ा बाजार मुरारी वाला कुआं में एक, पंजाबी कॉलोनी में एक, कमला कॉलोनी में एक कंटेनमेंट जोन बनाकर नगरपालिका कर्मियों द्वारा बल्ली व चाली लगाकर बेरिकेडिंग कर कोरोना संक्रमितों के घर की सीलिंग करने की कार्रवाई की गई है। शहर में नाला पटरी, पंजाबी कॉलोनी और गुजरातियान में बनाए गए कंटेनमेंट जोन की पड़ताल की गई तो कहीं पर भी पहले जैसी सख्ती या सुरक्षा दिखाई नहीं दी। इन जगहों पर न तो पुलिसकर्मी मिला और न ही कहीं पर निगरानी समिति के सदस्य मिले। इस बार सीलिंग की कार्रवाई मात्र खानापूर्ति दिख रही है। पालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र सिंह का कहना है कि संक्रमितों के घर पर बेरिकेडिंग कर सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। वार्ड स्तर पर गठित निगरानी समिति के सदस्यों को इस क्षेत्र में परिवारों की समस्या का समाधान कराने के लिए निर्देश दिए हैं।
शामली मौहल्ला गुजारतियान स्थित हॉटस्पॉट सैटर- फोटो : SHAMLI