बिजलीघर पर डकैती डालने वाले बदमाशों का नहीं लगा सुराग
शामली। थानाभवन क्षेत्र के गांव अंबेहटा याकूबपुर में स्थित बिजलीघर पर पुराने ट्रांसफार्मर से लाखों रुपये का तांबा लूटने की घटना में बदमाशों का दो दिन बाद भी सुराग नहीं लग पाया है। अन्य दो घटनाओं में भी पुलिस को सफलता नहीं मिली है।
सोमवार रात को वर्दीधारी सात बदमाशों ने थानाभवन क्षेत्र के गांव अंबेहटा याकूबपुर स्थित बिजलीघर पर धावा बोलकर वहां मौजूद दो कर्मियों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया था। पुलिस की वर्दी पहने बदमाशों ने पुराने बड़े ट्रांसफार्मर को खोलकर करीब 30 लाख रुपये का तांबा लूट लिया था और मिनी ट्रक में लादकर फरार हो गए थे। बदमाशों के जाने के बाद कर्मियों ने किसी तरह अधिकारियों को सूचना दी थी। इसके बाद सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की थी। घटना के दो दिन बीतने के बाद भी पुलिस बदमाशों का पता नहीं लगा सकी है।
उधर, कैराना क्षेत्र के गांव रामड़ा में मंगलवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के थाना शाहबाद पुलिस पर हमला कर बदमाश सोनू उर्फ कुरबान को छुड़ा लिया था। ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर वर्दी फाड़ दी थी। इस मामले में हरियाणा पुलिस की तरफ से थाना कैराना पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में भी पुलिस अभी तक न तो बदमाश को पकड़ सकी है और न ही उसे छुड़ाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर सकी है। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह को गांव सिक्का से बाइक पर भाई के साथ शामली आ रहे शहजान को रास्ते में बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया था। घायल के भाई जाकिर ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में भी पुलिस को अभी तक कोई सफलता नहीं मिल सकी। एसपी नित्यानंद राय ने बताया कि तीनों घटनाओं में पुलिस की टीमें लगी हुई है। जल्द ही घटनाओं का खुलाया किया जाएगा।