शामली/कैराना। जिले में कोरोना पॉजिटिव के नौ नए केस मिले हैं। इनमें कस्बा कैराना के छह दिन पहले कोरोना पॉजिटिव मिले व्यापारी के क्लोज कांटेक्ट वाले चार महिलाओं समेत आठ लोग शामिल हैं, जबकि कस्बा झिंझाना की एक महिला के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उधर, कोविड अस्पताल में भर्ती सात मरीजों के ठीक होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।
शुक्रवार को मेरठ मेडिकल से सैंपलों की आई रिपोर्ट में जनपद में नौ नए केस आए हैं। इनमें कस्बा कैराना में चार महिलाओं समेत आठ लोगों के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। बताया गया है कि छह दिन पहले 27 जून को कस्बा कैराना के एक व्यापारी के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। व्यापारी के क्लोज कांटेक्ट में आने वाले 11 लोगों के तीन दिन पहले सैंपल लेकर जांच को भेजे गए थे। शुक्रवार को आई सैंपलों की रिपोर्ट में व्यापारी के कांटेक्ट में आने वाले आठ लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। इनमें व्यापारी के बिजनेस पार्टनर और उसकी पत्नी के सैंपल की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव मिली है। इसके अलावा कस्बा झिंझाना में 29 जून को कोरोना पॉजिटिव मिली महिला के क्लोज कांटेक्ट वाली महिला के सैंपल की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव मिली है। नए कोरोना पॉजिटिव मिले सभी लोगों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि शुक्रवार को सैंपलों की प्राप्त रिपोर्ट में नौ लोग कोरोना पॉजिटिव मिले है। अधिकतर लोग पूर्व में मिले कोरोना पॉजिटिव लोगों के क्लोज कांटेक्ट वाले हैं। सभी को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीएम ने बताया कि कोविड अस्पताल में भर्ती कोरोना पॉजिटिव सात लोगों के ठीक होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
दो दिन बाद ही हटा दी गई थी बाजार से बैरिकेडिंग
कैराना। व्यापारी के कोरोना पॉजिटिव आने पर प्रशासन ने सराफा बाजार के कुछ हिस्से में सील लगा कर हॉटस्पॉट बना दिया था, लेकिन लोग बैरिकेडिंग के ऊपर से कूदकर आ जा रहे थे। प्रशासन ने दो दिन बाद ही सराफा बाजार से सील खोलते हुए केवल एक छोटी बंद गली के आगे ही बल्लियां लगा दी थी। शुक्रवार को इसी गली के अंदर छह कोरोना पॉजिटिव पाए गए जबकि अन्य दो पॉजिटिव दूसरे मोहल्ले के रहने वाले है।
---
तितरवाड़ा में 20 लोगों के सैंपल लिए
कैराना। तितरवाड़ा में दिल्ली पुलिस के सिपाही की ट्रू नेट मशीन से कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आने पर उसे कोविड-19 में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक अतुल गर्ग व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तितरवाड़ा पहुंचकर सिपाही के संपर्क में आए 20 लोगों के सैंपल लिए।