घरों में रहकर मनाया गया नए साल का जश्न
शामली। साल 2020 को विदाई और नए साल 2021 के स्वागत के लिए सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति के कार्यक्रमों पर पाबंदी के चलते घरों पर ही कार्यक्रम हुए। कुछ रेस्टोरेंट सजाए गए, लेकिन इनमें ज्यादा भीड़भाड़ नहीं रही। दिन में शिक्षण संस्थाओं में नए वर्ष पर कार्यक्रम जरूर आयोजित किए गए।
कोरोना के कारण इस बार शहर में नववर्ष के उपलक्ष्य में जश्न के कार्यक्रम नहीं हो सके। महिलाओं और पुरुषों ने परिवार के साथ और आसपड़ोस के लोगों के साथ मिलकर घरों पर ही नए साल का जश्न मनाया। घरों पर ही डांस आदि के कार्यक्रम कर बीते साल 2020 को विदाई दी गई और नए साल 2021 का स्वागत किया गया। दिन में स्कूल-कॉलेजों में कार्यक्रम किए गए। जैन कन्या इंटर कॉलेज शामली में छात्राओं ने नए साल पर रंगोली बनाई। प्रधानाचार्या रूचिता ढाका ने छात्राओं, अध्यापिकाओं और स्टाफ को नए साल की बधाई दी। हिंदू कन्या इंटर कॉलेज शामली में छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रधानाचार्या दीपाली गर्ग ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए छात्राओं और स्टाफ को नववर्ष की बधाई दी। रात में शहर के मुजफ्फरनगर बस स्टैंड पर वैभव फूट रेस्टोरेंट को सजाया गया था। इसके अलावा कैराना रोड स्थित बैंक्वेट हाल में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, लेकिन इनमें पास सिस्टम लागू किया गया था।
एसपी ने भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया
शामली। नववर्ष पर बिना अनुमति कार्यक्रम करने और हुड़दंग मचाने वालों पर निगरानी के लिए पुलिस अलर्ट रही। एसपी सुकीर्ति माधव ने शहर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
बृहस्पतिवार को नववर्ष की पूर्ण संध्या पर एसपी ने पुलिस बल के साथ शहर का भ्रमण कर व्यवस्थाएं देखी। एसपी ने पुलिसकर्मियों की ड्यूटी चेक की। उनके साथ सीओ सिटी प्रदीप सिंह व शहर कोतवाली पुलिस मौजूद रहा। एसपी ने विजय चौक, अजंता चौक, फव्वारा चौक, कबाड़ी बाजार, सराफा बाजार, गांधी चौक, बड़ा बाजार, शिव चौक, भिक्की मोड़, धीमानपुरा फाटक तक पैदल गश्त किया। इस दौरान उन्होंने बाजार में होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में सीओ से जानकारी ली। एसपी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि शराब की सभी दुकानों को समय से बंद कराया जाए।